हरियाणा में एंटी टेररिज्म स्क्वॉड का गठन आतंकवाद के खिलाफ ऐतिहासिक और निर्णायक कदम : वीरेश शांडिल्य
5 Dariya News
अंबाला 11-Jun-2026
एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं देश में पिछले तीन दशकों से पाकिस्तान और खालिस्तान आतंकवाद के ख़िलाफ़ मुहिम छेड़े हुए वीरेश शांडिल्य ने हरियाणा सरकार द्वारा एंटी टेररिज्म स्क्वॉड के गठन की अधिसूचना जारी किए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। शांडिल्य ने कहा कि यह निर्णय हरियाणा को आतंकवाद, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, संगठित अपराध और देश विरोधी ताकतों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम है।
वीरेश शांडिल्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सख्त सुरक्षा नीति और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिबद्धता के कारण आज देश और प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में के गठन से आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि प्रदेश में ऐसे लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है।
शांडिल्य ने कहा कि एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया पिछले दो दशकों से आतंकवाद, खालिस्तान समर्थक गतिविधियों और राष्ट्रविरोधी शक्तियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करता आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक आतंकवाद विरोधी रथ यात्रा तथा वर्ष 2008 में दिल्ली से अमृतसर तक खालिस्तान विरोधी रथ यात्रा निकालकर देश में राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया था।
आतंकवादी संगठनों से धमकियां मिलने के बावजूद उनका संगठन आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा है। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि हरियाणा का गठन केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि प्रदेश और देश की सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह विशेष बल आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क, कट्टरपंथी गतिविधियों, विदेशी एजेंसियों द्वारा प्रायोजित षड्यंत्रों तथा देश विरोधी तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गृह विभाग तथा हरियाणा पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया आतंकवाद के खिलाफ हर लड़ाई में सरकार, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है तथा आतंकवाद के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। शांडिल्य ने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन और देशभक्त नागरिक आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों तथा राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित हरियाणा और सशक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा।