5 Dariya News

रयात बाहरा यूनिवर्सिटी ने शुक्रा फार्मास्युटिकल्स के साथ एमओयू पर किए हस्ताक्षर

स्टार्टअप सहायता, इंटर्नशिप और नवाचार को मिलेगा नया बढ़ावा

5 Dariya News

मोहाली 11-Jun-2026

उद्यमिता, नवाचार और उद्योग-अकादमिक सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से रयात बाहरा यूनिवर्सिटी  के सेंटर फॉर करियर सक्सेस के अंतर्गत कार्यरत एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप सपोर्ट सेल (ईएसएससी) ने शुक्रा फार्मास्युटिकल्स पब्लिक लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता नई दिल्ली में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान संपन्न हुआ।

इस अवसर पर रयात बाहरा विश्वविद्यालय के  वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.)  संजय कुमार, रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) एन. के. यादव, रयात बहरा समूह के एंटरप्रेन्योरशिप सेल की ग्रुप डायरेक्टर डॉ. सिम्मी प्रकाश, शुक्रा फार्मास्युटिकल्स के वाइस प्रेसिडेंट अमनदीप भल्ला, निदेशक अमित टिक्कू तथा श्रीमती रंजना टिक्कू विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. सिम्मी प्रकाश ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों में उद्यमशीलता की भावना तथा नवाचार-आधारित पहलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत ईएसएससी द्वारा स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों के लिए 10 लाख रुपये का प्री-सीड फंड भी सुनिश्चित (तय) किया गया है, जो उभरते उद्यमियों और फैकल्टी इनोवेटर्स को अपने विचारों को सफल व्यावसायिक उपक्रमों में परिवर्तित करने में सहायता प्रदान करेगा। इस साझेदारी के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, रोजगार क्षमता में वृद्धि, इनक्यूबेशन सहायता, स्टार्टअप मेंटरशिप तथा उद्योग जगत से जुड़ने के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। 

विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्युटिकल्स, चिकित्सा, कृषि तथा सामाजिक प्रभाव वाले क्षेत्रों में नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा। रयात बाहरा समूह के चेयरमैन गुरविंदर सिंह बाहरा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उद्योगिक साझेदारियां युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला सफल उद्यमी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। 

उन्होंने विश्वविद्यालय नेतृत्व और ईएसएससी टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।