डिप्टी कमिश्नर द्वारा पंजाब ट्रेडर्स कमीशन की समीक्षा बैठक
व्यापारियों की शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें : डॉ. हिमांशु अग्रवाल
5 Dariya News
पटियाला 08-Jun-2026
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें व्यापारियों की सभी शिकायतों के समयबद्ध निपटारे को सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर कमीशन के वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमोली तथा अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित पोर्टल पर निरंतर निगरानी रखने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाली शिकायतों का सात दिनों के भीतर पूर्ण निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के निपटारे के बाद संबंधित सदस्यों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों के निपटारे में देरी की गई तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार व्यापारिक समुदाय के साथ मजबूत संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह धमोली ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा ‘आप’ के संयोजक अरविन्द केजरीवाल अगले सप्ताह से व्यापारियों के साथ होने वाली बैठकों की व्यक्तिगत रूप से अध्यक्षता करेंगे, जिससे शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक तेज एवं मजबूत बनाया जा सके।
बैठक के दौरान एडीसी (ज) अनुप्रीता जौहल ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कमीशन के विभिन्न सदस्यों ने जमीनी स्तर की प्रतिक्रिया और अपने विचार भी साझा किए।
बैठक में टिंकू बंसल (हल्का चेयरमैन, राजपुरा), दुर्गा दास (हल्का चेयरमैन, पातड़ां), कीरत सेहरा (सदस्य, हल्का घनौर), विनोद सिंगला, पुनीत बुद्धिराजा और वेद प्रकाश गर्ग सहित नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनरीत राणा, डीएसपी नेहा अग्रवाल, सहायक आयुक्त जीएसटी गुरसिमरन कौर, डीडीपीओ महेंद्रजीत सिंह, सभी कार्यसाधक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।