5 Dariya News

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सोमनाथ दर्शन के लिए स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं को लेकर हुई रवाना

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचकर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

5 Dariya News

सोनीपत 08-Jun-2026

हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सोमवार को सोनीपत में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत भगवान सोमनाथ के पावन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए श्रद्धा, आस्था और गौरव का अवसर है। 

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने का जो संकल्प हरियाणा सरकार ने लिया है, वह सेवा, सम्मान और संवेदनशील शासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से इस विशेष ट्रेन को रवाना किया है। इस यात्रा में प्रदेशभर के 1100 श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। 

करनाल, पानीपत और अन्य जिलों से श्रद्धालुओं को लेकर आई इस विशेष ट्रेन में सोनीपत जिले के 114 तथा रोहतक जिले के 53 श्रद्धालु भी शामिल हैं।

बुजुर्गों के सम्मान का प्रतीक है मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में समर्पित किया है। ऐसे में जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाना सरकार की ओर से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वर्ष 2023 से ऐसे परिवारों के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है।

सोमनाथ भारत की अमर आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं है, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का जीवंत प्रतीक है। इतिहास में अनेक बार आक्रमणकारियों ने इस मंदिर को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय समाज की आस्था और संकल्प शक्ति के सामने कोई भी ताकत टिक नहीं सकी। सोमनाथ बार-बार पुनर्निर्मित हुआ और आज भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  श्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर पुनर्विकास परियोजनाओं के लोकार्पण अवसर पर कहा था कि सोमनाथ का इतिहास यह संदेश देता है कि सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और आस्था की आतंक एवं भय पर हमेशा विजय होती है। सोमनाथ भारत की शाश्वत संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।

श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खान-पान, आवास, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूर्ण व्यवस्था की गई है। हरियाणा सरकार, भारतीय रेलवे और गुजरात सरकार के समन्वय से यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार रहे।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपने सहयात्रियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी यात्री हरियाणा की संस्कृति और संस्कारों के प्रतिनिधि बनकर इस यात्रा पर जा रहे हैं।

पहले भी विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए चलाई जा चुकी हैं विशेष ट्रेनें

डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत इस वर्ष पहले ही अंबाला से अयोध्या तथा कुरुक्षेत्र और सिरसा से श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए विशेष ट्रेनें सफलतापूर्वक संचालित की जा चुकी हैं। सरकार भविष्य में भी प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने के लिए ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। अंत में उन्होंने भगवान सोमनाथ से सभी श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उनकी यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की शुभकामनाएं दीं।