5 Dariya News

डॉ. हिमांशु अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पोलिंग बूथों पर एस.आई.आर. कैंपों का लिया जायजा

पटियाला जिले के 1786 पोलिंग स्टेशनों पर लगाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कैंपों के दौरान बी.एल.ओ. रहे उपस्थित

5 Dariya News

पटियाला 07-Jun-2026

पटियाला के जिला चुनाव अधिकारी-कम-उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्री-एस.आई.आर. के दौरान मतदाताओं की मैपिंग एवं सत्यापन संबंधी जिले के 1786 पोलिंग स्टेशनों पर लगाए गए विशेष कैंपों का निरीक्षण किया। लोकसभा क्षेत्र पटियाला के पोलिंग स्टेशनों पर विशेष मतदाता जागरूकता एवं मैपिंग अभियान के तहत पांच पोलिंग बूथों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा के निर्देशानुसार आज आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कैंपों के दौरान मतदाता मैपिंग एवं सत्यापन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे और नागरिकों को उनके निर्वाचन संबंधी विवरणों की जांच करने तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों के समाधान हेतु सहायता प्रदान की। डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान करने की प्रक्रिया के तहत लगभग 84 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। 

शेष 16 प्रतिशत मतदाताओं के पंजीकरण एवं सत्यापन संबंधी आवश्यक कार्रवाई मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब के नेतृत्व में सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सही एवं अद्यतन मतदाता सूची एक मजबूत और जीवंत लोकतंत्र की नींव होती है तथा निर्वाचन प्रक्रिया की अखंडता बनाए रखने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। 

उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे चुनाव अधिकारियों का पूरा सहयोग करें और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज करवाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। 

उन्होंने लोगों को अपने मतदाता विवरणों की जांच करने तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से संशोधन, नाम दर्ज कराने अथवा अन्य आवश्यक परिवर्तन करवाने के लिए भी प्रेरित किया। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान करना है। 

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी मतदाता अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से किसी कारणवश मेल नहीं खा रहा है या उसका मिलान नहीं हुआ है, तो वे अपने संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क कर इस प्रक्रिया को पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि इन कैंपों के दौरान मतदाता पंजीकरण तथा चुनावों में भागीदारी के प्रति युवाओं में जागरूकता पैदा करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार विजय चौधरी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।