5 Dariya News

'उन्होंने जब कंधे पर हाथ रखा, तो लगा कि यह कोई सपना है', कोहली संग हुई मुलाकात पर बोले वैभव सूर्यवंशी

5 Dariya News

नई दिल्ली 07-Jun-2026

आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी का दिल जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है। इस बीच, वैभव ने विराट कोहली संग आईपीएल में हुई मुलाकात के बारे में बताया। राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वैभव सूर्यवंशी का एक इंटरव्यू पोस्ट किया है।

इंटरव्यू के दौरान वैभव ने कोहली संग हुई बातचीत को लेकर कहा, "मैं आपको सच बताऊं जब विराट कोहली ने कंधे पर हाथ रखा, मैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोहली का बहुत बड़ा फैन हूं। जब ऑरेंज कैप मुझे नहीं मिली थी, तो मैं वही कैप पहनता था, जिस पर उन्होंने साइन किया था। जब उन्होंने मेरे कंधे पर हाथ रखा और मेरे से बातचीत कर रहे थे, तो मुझे लगा कि मैं कोई सपना देख रहा हूं।"

15 वर्षीय बल्लेबाज ने आगे कहा, "कोहली से बात करके ऐसा लगा ही नहीं कि वह विराट कोहली हैं। वह एकदम बड़े भाई की तरह बात कर रहे थे और मुझे समझा रहे थे कि मैं क्या अच्छा कर रहा हो या फिर मुझे किन बातों को ध्यान रखना है।" वैभव ने कहा कि वह ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते थे जिसे देखकर लोग कहें कि उस बल्लेबाज ने अकेले ही मैच खत्म कर दिया।

वैभव के अनुसार, उनकी चाहत है कि वह अगले 10 से 20 साल तक अच्छा क्रिकेट खेलें और पूरी तरह से दबदबा बनाए रखें। वैभव का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में जबरदस्त रहा। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए। वह इस सीजन ऑरेंज कैप को अपने नाम करने में सफल रहे। वैभव ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने आईपीएल 2026 में एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ा। इस सीजन वैभव ने 72 छक्के लगाए।