5 Dariya News

झारखंड के चतरा में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

5 Dariya News

चतरा 07-Jun-2026

झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा सिमरिया थाना क्षेत्र के जबड़ा गांव के समीप हुआ। मृतकों की पहचान दुदुवां गांव निवासी गणेश कुमार और बसंत कुमार के रूप में की गई है। दोनों आपस में दोस्त थे और रविवार को बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

बताया गया कि जबड़ा के पास सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण उनकी पल्सर बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। इसके बाद वे गंभीर हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही दुदुवां गांव में मातम पसर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक काफी मिलनसार थे और उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों का अस्पताल तथा गांव में तांता लगा रहा। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर लंबे समय तक ट्रक और अन्य भारी वाहन खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि ऐसे वाहनों के कारण पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।