लालू-राबड़ी की सुरक्षा को लेकर चल रहे विवाद पर एनडीए नेताओं का तंज, बोले- सुरक्षा के नियम होते हैं
5 Dariya News
पटना 06-Jun-2026
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर चल रहे विवाद पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी की किसी से दुश्मनी तो नहीं है। सरकारी सुरक्षा के कुछ नियम होते हैं। अगर उस नियम के अंतर्गत हैं तो उनको सुरक्षा मिलनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि सरकार का कहना है कि लालू यादव और राबड़ी देवी नियम के अंतर्गत नहीं आते।
ऐसे में उनको सुरक्षा कैसे दी जाए? मैं मंत्री हूं, अगर मैं जेड श्रेणी की सुरक्षा को लेकर धरने पर बैठ जाऊं तो ठीक नहीं है। जेड और जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा का नियम है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग स्टेटस सिंबल के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, अगर ऐसी बात है तो उनको मुख्यमंत्री से कहना चाहिए। गिरिराज सिंह ने कहा कि सुरक्षा सरकार नियमों के तहत दी जाती है, या जिनको सुरक्षा की जरूरत होती है।
जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने लालू-राबड़ी से सुरक्षा वापस लेने के मामले पर कहा कि दबाव बनाने की राजनीति से राजद को कुछ भी हासिल नहीं होना है। राजनेताओं को दी गई सुरक्षा का समय-समय पर राज्य सुरक्षा नीति की ओर से आकलन किया जाता है। समीक्षा के बाद खतरे का स्तर तय करने के बाद सुरक्षा की श्रेणी तय की जाती है।
यह एक प्रक्रिया है और इसका सम्मान सबको करना चाहिए। जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि विधान परिषद चुनाव की वजह से परिवार में कलह हो रही है। सरकार की ओर से सुरक्षा लिखित रूप से दी गई है। उन्होंने पद को परिवार में ही कैद करके रख दिया है। उन्होंने विधान परिषद में विपक्ष के नेता के तौर पर मिली सुविधा को भी लौटाने की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरी के बदले ली गई जमीन कम से कम परिवार वालों को तो लौटा देना चाहिए। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह ओछी सियासत है। लालू यादव का बिहार ही नहीं, बल्कि देश के नेताओं में उनका बड़ा नाम है। लालू यादव और राबड़ी देवी को बंगले से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है और उनकी सुरक्षा कम की जा रही है। बंगला खाली कराने और सुरक्षा कम करने का नुकसान उनको होगा।