5 Dariya News

विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा चंडीगढ़ ने चलाया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान, वार्ड-29 में हुआ पौधारोपण

5 Dariya News

चंडीगढ़ 05-Jun-2026

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 29 के सेक्टर-56 में मंडल अध्यक्ष रमेश चौधरी के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, जिला अध्यक्ष रेखा सूद, जिला महामंत्री कृष्णकांत, राजकुमार राणा, प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष मनदीप सिंह सहित जिला एवं मंडलों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आमजन को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। 

वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और स्वच्छ हवा, शुद्ध जल तथा संतुलित जलवायु के लिए उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का एक भावनात्मक एवं सामाजिक आंदोलन है। 

प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने और हरित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूत करने का संदेश देता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया