राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा चंडीगढ़ में खुशी की लहर
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने किया स्वागत
5 Dariya News
चंडीगढ़ 05-Jun-2026
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ को मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि तरुण चुघ भारतीय जनता पार्टी के उन समर्पित नेताओं में से हैं जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए वर्षों तक अथक परिश्रम किया है।
एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व तक की उनकी यात्रा लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। पार्टी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का सदैव सम्मान किया जाता है। तरुण चुघ को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय इसी कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा निरंतर ऐसे अनुभवी, समर्पित और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप रही है, जो देश और समाज के विकास के लिए प्रभावी योगदान दे सकें। राज्यसभा में तरुण चुघ का अनुभव और संगठनात्मक समझ निश्चित रूप से राष्ट्रहित के विषयों को मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जतिंदर पाल मल्होत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि तरुण चुघ का राज्यसभा में जाना न केवल भारतीय जनता पार्टी बल्कि पंजाब, चंडीगढ़ और पूरे उत्तर भारत के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इससे संगठन के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी तथा पार्टी को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला संगठन को और अधिक सशक्त बनाने वाला सिद्ध होगा। अंत में जतिंदर पाल मल्होत्रा ने तरुण चुघ को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी संसदीय कार्यकाल की कामना की।