केवल सिंह ढिल्लों ने संभाली कमान, ‘महाराजा रणजीत सिंह वाले पंजाब’ को बनाया भाजपा का आदर्श
केवल सिंह ढिल्लों ने संभाली कमान, महाराजा रणजीत सिंह के शासन को बताया पंजाब के लिए आदर्श मॉडल
5 Dariya News
चंडीगढ़ 03-Jun-2026
पंजाब भारतीय जनता पार्टी ने महाराजा रणजीत सिंह के शासन को पंजाब के लिए आदर्श मॉडल बताते हुए प्रदेश में खुशहाली, भाईचारे और सुशासन वाले पंजाब के निर्माण का संकल्प दोहराया है। चंडीगढ़ में यह घोषणा करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से बाहर कर पंजाब को नई दिशा दी जाएगी।
यह संकल्प पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर व्यक्त किया गया। सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में पद संभालते समय केवल सिंह ढिल्लों ने महाराजा रणजीत सिंह का चित्र स्थापित कर उनके शासन को प्रेरणा स्रोत के रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र सिंह रैना, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, विजय सांपला और श्वेत मलिक, राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू और डॉ. अशोक मित्तल, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, प्रदेश महासचिव राकेश राठौर तथा स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “महाराजा रणजीत सिंह का पंजाब वह पंजाब था जहाँ हर किसान समृद्ध था, हर धर्म का सम्मान होता था और कोई भी पंजाबी भय के साये में नहीं जीता था। हम ऐसे पंजाब के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं जहाँ हर नागरिक को समानता और सम्मान मिले।”
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा इसी सोच के साथ पंजाब में लोगों का विश्वास जीतेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने परिवर्तन के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन हर वर्ग को निराश किया है। पंजाब के लोग जिस वास्तविक बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं, वह केवल भाजपा ही दे सकती है।
ना आपदा, ना कांपदा, पंजाब मांगदा भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि 2027 में पंजाब में भाजपा महाराजा रणजीत सिंह के सुशासन से प्रेरित सरकार देगी। उन्होंने इसे ‘खालसा राज’ की भावना से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा पंजाब को विकास, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर आगे ले जाएगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को नया नारा “ना आपदा, ना कांपदा, पंजाब मांगदा भाजपा” दिया और कहा कि पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने की क्षमता केवल भाजपा के पास है। उन्होंने दावा किया कि आज से ही ‘आप’ की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
भाजपा ने पंजाब के लिए कुर्बानियां दी हैं : सुनील जाखड़
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा ने पंजाब के लिए हमेशा त्याग और बलिदान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हिंदू-सिख एकता को मजबूत करने के लिए एक क्षेत्रीय पार्टी के छोटे भाई की भूमिका भी निभाई। आज भी भाजपा का सबसे बड़ा उद्देश्य चुनावी जीत से अधिक सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना है।
कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “कुछ लोग स्वयं को धर्मनिरपेक्ष बताते हैं, लेकिन राजनीति धर्म और जाति के नाम पर करते हैं। वे पंजाब में विभाजन की राजनीति कर रहे हैं और इसका इलाज केवल भाजपा के पास है।” पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना* ने दावा किया कि पंजाब में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और पार्टी राज्य को विकास का नया मॉडल देगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा* कि पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी की राजनीति से मुक्ति चाहता है। इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। इस अवसर पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री *रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा* कि किसी भी बात को अनावश्यक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने मंच पर मौजूद बीबी परनीत कौर और जैइंदर कौर की उपस्थिति का विशेष उल्लेख किया। इस सभा को इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व सांसद परनीत कौर और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने भी संबोधित किया। इस दौरान मनोरंजन कालिया, मनप्रीत सिंह बादल, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, सतनाम सिंह संधू, श्वेत मलिक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
भाजपा का नया आइकन बने महाराजा रणजीत सिंह
अमर शहीद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक भवन, सेक्टर-37ए, चंडीगढ़ में पदभार ग्रहण करते हुए केवल सिंह ढिल्लों द्वारा महाराजा रणजीत सिंह का चित्र स्थापित करना दिन का सबसे महत्वपूर्ण प्रतीकात्मक संदेश रहा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल नेतृत्व के नए अध्याय की शुरुआत नहीं है, बल्कि उस प्रतिबद्धता का भी प्रदर्शन है जिसके तहत पंजाब में वही खुशहाली, एकता और गौरव पुनः स्थापित करना है जो महाराजा रणजीत सिंह के शासनकाल में देखने को मिला था।
अरदास और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ शुभारंभ
केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत अरदास और मंत्रोच्चारण के साथ की। पंजाब भाजपा मुख्यालय में उनके नए कार्यालय में पहले अरदास करवाई गई और उसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंत्रोच्चारण किया गया।
इस अवसर पर नायब सिंह सैनी, सौदान सिंह, तरुण चुघ, नरेंद्र सिंह रैना, सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, सतनाम सिंह संधू और डॉ. अशोक मित्तल सहित अन्य नेताओं ने केवल सिंह ढिल्लों को लड्डू खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।