‘मेरी रसोई’ योजना से जरूरतमंद परिवारों को मिला बल : ब्रम शंकर जिम्पा
वार्ड नंबर 18 में राशन किटों का वितरण, जिले के 2.20 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
5 Dariya News
होशियारपुर 03-Jun-2026
जरूरतमंद परिवारों की रसोई का खर्च कम करने और उन्हें आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने वार्ड नंबर 18 में लाभार्थी परिवारों को राशन किटें वितरित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और योजना के लाभार्थी उपस्थित हुए।
विधायक जिम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
‘मेरी रसोई’ योजना इसी सोच का परिणाम है, जिससे लाखों परिवारों को प्रत्यक्ष राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वितरित की जा रही राशन किट में 2 किलो चने की दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है।
विशेष बात यह है कि लाभार्थी परिवारों को प्रत्येक तीन माह बाद ऐसी राशन किट उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे घरेलू खर्च का बोझ कम होगा और परिवारों को नियमित सहायता मिलती रहेगी। विधायक जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार पहले ही 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसी सेवाएं लोगों तक पहुंचा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले के लगभग 2.20 लाख परिवार ‘मेरी रसोई’ योजना से लाभान्वित होंगे, जबकि पूरे पंजाब में करीब 40 लाख परिवारों को इसका फायदा मिलेगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 900 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
इस अवसर पर लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि योजना से रसोई का खर्च कम करने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति और मोहल्लावासी भी उपस्थित रहे।