5 Dariya News

ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तर्ज पर करवाए जा रहे हैं विकास कार्य : डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा

डिप्टी स्पीकर ने जनता दरबार लगाकर सुनी आमजन की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर किया समाधान

5 Dariya News

जींद 01-Jun-2026

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में जींद में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। जिले में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डॉ. मिड्ढा आज जींद में आयोजित जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और शहर से आए नागरिकों की शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। 

कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निपटान के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। 

सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 

गांवों में सड़क निर्माण, गलियों का सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था, सामुदायिक भवनों तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।