5 Dariya News

ब्रम शंकर जिंपा ने डीएवी कॉलेज-अस्लमाबाद बाईपास मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों का किया उद्घाटन

बेहतर रोशनी से बढ़ेगी सुरक्षा, रात्रि आवागमन होगा सुरक्षित

5 Dariya News

होशियारपुर 01-Jun-2026

विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने आज डीएवी कॉलेज से अस्लमाबाद बाईपास तक स्थापित नई स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विधायक जिंपा ने कहा कि इस मार्ग पर लंबे समय से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्ट्रीट लाइटों के शुरू होने से न केवल राहगीरों और वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी। 

उन्होंने कहा कि रात्रि के समय इस सड़क से गुजरने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को अब बेहतर रोशनी का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश के सभी शहरों और कस्बों में विकास कार्यों को गति दे रही है। 

इसी कड़ी के तहत होशियारपुर में भी सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनहित परियोजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। विधायक जिंपा ने कहा कि जनता द्वारा सौंपे गए विश्वास पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है और क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्य जारी रहेंगे। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जहां आवश्यकता हो, वहां बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, मार्केट कमेटी होशियारपुर के चेयरमैन जसपाल सिंह चेची, मुखी राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

सभी ने इस विकास कार्य के लिए विधायक ब्रम शंकर जिंपा और पंजाब सरकार का आभार व्यक्त किया।