केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा बनेगी मजबूत ताकत : अक्षय शर्मा
5 Dariya News
अमृतसर 28-May-2026
अमृतसर हल्का उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने केवल सिंह ढिल्लों को भाजपा पंजाब का नया प्रधान बनाए जाने पर खुशी जताते हुए इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि पहली बार भाजपा ने पंजाब में एक मजबूत सिख चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे पार्टी को राज्य में नई दिशा और नई पहचान मिलेगी।
अक्षय शर्मा ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों एक अनुभवी, संघर्षशील और जमीन से जुड़े नेता हैं, जिन्होंने लंबे समय तक लोगों के बीच रहकर काम किया है। राजनीति और संगठन दोनों में उनका व्यापक अनुभव पार्टी के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा हाईकमान ने पंजाब की भावनाओं और यहां के सामाजिक ढांचे को समझते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील राज्य है, जहां सिख समुदाय की अहम भूमिका है।
ऐसे में केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाना भाजपा की सकारात्मक सोच और सबको साथ लेकर चलने की नीति को दर्शाता है। इससे सिख समाज में भी एक अच्छा संदेश जाएगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। अक्षय शर्मा ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा पंजाब में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेगी तथा युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा पंजाब में एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में भाजपा गांव-गांव और शहर-शहर तक अपनी पकड़ मजबूत करेगी। अक्षय शर्मा ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका कार्यकाल पंजाब भाजपा के लिए नए अध्याय की शुरुआत साबित होगा।