बीजेपी सरकार चला रही है या ‘लूट की दुकान’? पेट्रोल-डीज़ल महंगा कर जनता की जेब पर डाल रही डाका : सुखजिंदर सिंह रंधावा
₹19,470 करोड़ मुनाफा, फिर भी पेट्रोल और डीज़ल महंगा — मोदी सरकार जनता को क्यों लूट रही है? : रंधावा
5 Dariya News
चंडीगढ 25-May-2026
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पेट्रोल और डीज़ल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा” का नारा देने वाली भाजपा सरकार आज खुद जनता की जेब पर सबसे बड़ा डाका डाल रही है।
रंधावा ने कहा कि आज फिर पेट्रोल ₹2.61 और डीज़ल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया गया है, जबकि सरकारी तेल कंपनियां — IOC, HPCL और BPCL — वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी से मार्च) में ही लगभग 19,470 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा कमा चुकी हैं। इसके बावजूद आम जनता को राहत देने की बजाय लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश का मध्यम वर्ग आज सबसे अधिक आर्थिक दबाव में है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थ, यात्रा, बिजली, शिक्षा और रोजमर्रा की हर जरूरत महंगी होती जा रही है। आम आदमी अब भविष्य के सपने नहीं देखता, बल्कि हर महीने खर्चों का हिसाब लगाने को मजबूर है।
सांसद रंधावा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की सेवा नहीं, बल्कि “लूट की दुकान” चला रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से टैक्स और महंगाई के माध्यम से जनता से उगाही की जा रही है, उसने ईस्ट इंडिया कंपनी की याद दिला दी है।
केंद्र सरकार तेल पर टैक्स कम करके आम लोगों को राहत देने की बजाय अपने खजाने भरने में लगी हुई है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल-डीज़ल पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स कम करे और आम जनता को महंगाई से राहत दे।
कांग्रेस पार्टी हमेशा आम आदमी, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी जनता के हकों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।