बलबीर सिद्धू ने मोहाली नगर निगम चुनावों में धांधली का किया खुलासा
अवैध शराब वितरण मामले में पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
5 Dariya News
एस ए एस नगर 25-May-2026
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आज यहां कहा कि कांग्रेस के महासचिव कैप्टन संदीप संधू द्वारा राज्य चुनाव आयुक्त को मोहाली नगर निगम चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन संबंधी एक औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है। यह शिकायत पुलिस अधिकारी बलविंदर सिंह झांसल के खिलाफ की गई है।
श्री सिद्धू ने बताया कि शिकायत के माध्यम से चुनाव आयुक्त के ध्यान में लाया गया है कि पुलिस अधिकारी बलविंदर सिंह झांसल अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों तथा वार्ड नंबर 10, एसएएस नगर से समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं। सिद्धू ने खुलासा किया कि उक्त अधिकारी वाहन नंबर PB 65 BJ 9908, PB 12 M 2031 और T0426CH 8403A का इस्तेमाल कर निर्वाचन क्षेत्र में अवैध रूप से शराब वितरित कर रहा है।
कांग्रेस नेता ने आगे बताया कि चुनाव आयुक्त को वीडियो सबूत भी सौंपे गए हैं, जिनमें पुलिस स्टिकर लगी अधिकारी की गाड़ी को चुनावी लाभ के लिए शराब की ढुलाई और वितरण करते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। श्री सिद्धू ने इसे पुलिस तंत्र और सरकारी प्रभाव का खुला दुरुपयोग बताते हुए कहा कि इससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद कमजोर होती है।
उन्होंने मामले की तुरंत स्वतंत्र जांच, संबंधित वाहनों और वीडियो सबूतों को जब्त करने तथा चुनावी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त विभागीय और आपराधिक कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर मार्केट कमेटी खरड़ के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरकेश चंद शर्मा मच्छली कलां, मोहाली देहाती ब्लॉक प्रधान प्रदीप सिंह तंगोरी तथा यूथ कांग्रेस ब्लॉक प्रधान मुकुल शर्मा भी मौजूद थे।