प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है पंजाब सरकार: ब्रम शंकर ज़िम्पा
विधायक ने श्री गुरु रविदास नगर आदमवाल में ट्यूबवेल लगाने के कार्य की करवाई शुरुआत
5 Dariya News
होशियारपुर 21-May-2026
विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने श्री गुरु रविदास नगर आदमवाल में नए ट्यूबवेल लगाने के कार्य की विधिवत शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है और जहां भी लोगों को मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम किए जा रहे हैं।
विधायक जिम्पा ने कहा कि टयूबवेल के लिए ज़मीन व अन्य सहयोग के लिए सरपंच कुलविंदर कौर के नेतृत्व में गांव के बलकार सिंह, निर्मला देवी, अमनदीप सिंह व देसराज ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आदमवाल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस ट्यूबवेल के शुरू होने से इलाके के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि गांव में गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर भी पंजाब सरकार गंभीर है और इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विधायक जिम्पा ने कहा कि सरकार गांवों और शहरों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
इस मौके पर सुनील कुमार, मनीष, जीवन, समिति सदस्य रघुवीर कौर, बख्तावर, राजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।