5 Dariya News

आप सरकार की विफलताओं का जवाब देगी जनता — भाजपा ही है अमृतसर की असली आवाज़ : तरुण चुग

मजीठा की जनता ने ठान लिया है — इस बार भाजपा को जिताकर बदलाव लाएंगे : तरुण चुग

5 Dariya News

अमृतसर 18-May-2026

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज पंजाब में जारी नगर निगम चुनावों के तहत अमृतसर के मजीठा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में घर-घर जाकर जोरदार प्रचार अभियान चलाया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद करते हुए भाजपा उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। तरुण चुग ने कहा कि आप सरकार ने पंजाब की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है।

बिजली, पानी, सड़क और सफाई के नाम पर झूठे वादे किए गए, लेकिन आज हर शहर, हर गली, हर मोहल्ला बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। अमृतसर जैसा पवित्र और ऐतिहासिक शहर भी आप की लापरवाही और भ्रष्टाचार का शिकार बना हुआ है। तरुण चुग ने शिरोमणि अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया के साथ हुए पुलिस दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की। 

उन्होंने कहा कि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारी बिना वारंट और बिना किसी कानूनी दस्तावेज़ के एक निर्वाचित महिला विधायक के सरकारी आवास में घुस गए। परिवार के कपड़े और सामान बाहर फेंके गए, घर में अकेली बीमार बुज़ुर्ग महिला को डराया-धमकाया गया और अधिकारियों ने अपनी पहचान बताने से भी इनकार कर दिया। यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि एक निर्वाचित प्रतिनिधि और महिला की गरिमा पर सीधा हमला है।

तरुण चुग ने आगे कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके पास न केवल विज़न है, बल्कि उसे ज़मीन पर उतारने का ट्रैक रिकॉर्ड भी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं और यही विकास का मॉडल अब अमृतसर और पंजाब के हर शहर तक पहुंचाना हमारा संकल्प है। मजीठा की जनता ने अपना मन बना लिया है और इस बार वह आप की झूठी राजनीति और तानाशाही को नकारकर भाजपा पर अपना भरोसा जताएगी।