5 Dariya News

डॉ. रवजोत सिंह ने सिविल अस्पताल पहुंचकर बच्चे गुरकरन सिंह का जाना हाल-चाल

कहा, पहले से स्थिति हो रही है और बेहतर

5 Dariya News

होशियारपुर 16-May-2026

पंजाब के जेल व प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह बीती रात निकटवर्ती गांव चक्क समाणा में बोरवेल से सुरक्षित निकाले गए बच्चे गुरकरन सिंह की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टरों से बातचीत की और खुद भी बच्चे का चेकअप किया।

डॉ. रवजोत सिंह ने बच्चे को फल और खिलौने देते हुए उसके परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की। परिवार ने बच्चे की सेहत में लगातार हो रहे सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गुरकरन सिंह की हालत पहले से काफी बेहतर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी और इलाज कर रही है। 

उन्होंने बताया कि बच्चे को सुबह तरल पदार्थ भी दिए गए और उसकी सेहत तेजी से सुधर रही है। डॉ. रवजोत सिंह ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में योगदान देने वाले जिला प्रशासन, बाबा दीप सिंह सेवा दल, सिविल डिफेंस, मेडिकल टीमों तथा सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं का विशेष धन्यवाद किया। 

उन्होंने कहा कि सभी टीमों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों के कारण ही बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना संभव हो सका।