जिले में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण पूर्ण पारदर्शिता से किया जाएगा : कोमल मित्तल
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद जिले में तैयारियां शुरू
5 Dariya News
साहिबजादा अजीत सिंह नगर 15-May-2026
जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल ने आज बताया कि जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन - एस.आई.आर.) पूरी पारदर्शिता, व्यवस्थित योजना और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी अधिसूचना जारी की गई है, जिसके तहत जिले में भी इस प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एस.आई.आर. अभियान के तहत 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर मतदाताओं से निर्धारित फॉर्म भरवाने और एकत्र करने का कार्य करेंगे। इस कार्य के लिए जिले में 838 बी.एल.ओ., 83 सुपरवाइजर, 3 ई.आर.ओ. तथा 6 ए.ई.आर.ओ. सहित संपूर्ण चुनावी अमला तैनात किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि बी.एल.ओ. की ट्रेनिंग तथा अन्य तैयारियों का कार्य 15 जून से 24 जून 2026 तक किया जाएगा। श्रीमती मित्तल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाकर मतदाता सूचियों की पूर्ण शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि दोहरी वोट बनवाना भारतीय संविधान के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2003 को योग्यता तिथि निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा तथा मतदाता सूची का प्रारूप 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि मतदाता सूचियों संबंधी दावे एवं आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
श्रीमती कोमल मित्तल ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बी.एल.ओ. को पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 1 जनवरी 2003 की योग्यता तिथि वाली पुरानी मतदाता सूचियों को वर्तमान मतदाता सूची से जोड़ा गया है, ताकि पुराने रिकॉर्ड ढूंढने में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
उन्होंने बताया कि जिला एस.ए.एस. नगर में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूर्व गतिविधियों के तहत अब तक 65.74 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब बी.एल.ओ. मतदाताओं के घरों में जाकर फॉर्म भरवाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर फॉर्म प्राप्त करने के लिए तीन बार तक संपर्क करेंगे।
आधार कार्ड संबंधी स्पष्टता देते हुए जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड को केवल पहचान के स्रोत के रूप में स्वीकार किया जाएगा, नागरिकता के प्रमाण के रूप में नहीं। उन्होंने जिले की सभी राजनीतिक पार्टियों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए.) नियुक्त करें, ताकि यह कार्य सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।