5 Dariya News

विकास कार्यों से वार्डों की बदल रही तस्वीर : ब्रम शंकर ज़िम्पा

विधायक ने वार्ड नंबर 50 के अनमोल नगर में 19.95 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य करवाया शुरु

5 Dariya News

होशियारपुर 12-May-2026

विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने वार्ड नंबर 50 के अनमोल नगर में करीब 19 लाख 95 हजार रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने विधायक का स्वागत करते हुए इलाके में विकास कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।

इस मौके पर विधायक ज़िम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार शहर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों, गलियों और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाया जा रहा है ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। 

उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 50 में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। विधायक ज़िम्पा ने कहा कि शहर के विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और आने वाले समय में भी विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। 

इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, तीर्थ राम, सुरेखा बड़जाता, जसपाल सुमन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।