टी.बी. मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने हेतु भाजपा मेडिकल प्रकोष्ठ द्वारा मुफ्त पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित
5 Dariya News
चंडीगढ़ 11-May-2026
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के मेडिकल प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टी.बी. मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज दिनांक 11 मई 2026 को आर.एच.टी.सी. पलसोरा एवं सी.एच.सी. डिस्पेंसरी दादू माजरा में मुफ्त टी.बी. पोषण किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना टी.बी. मुक्त भारत केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त आहार पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश का मेडिकल प्रकोष्ठ पिछले पांच महीनों से निरंतर टी.बी. मरीजों को मुफ्त पोषण युक्त आहार किट उपलब्ध करवाकर सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के निर्माण में सामाजिक संगठनों और सेवा भाव रखने वाले नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसी कड़ी में राजस्थान परिवार के अध्यक्ष राज किशोर एवं उनकी टीम ने भी सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए टी.बी. मरीजों को प्रोटीन एवं पोषण से भरपूर आहार किट वितरित की। उनके इस मानवीय सहयोग और जनसेवा भावना की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की तथा इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में स्टेट टी.बी. ऑफिसर डॉ. नवनीत कंवर, डॉ. माला (इंचार्ज, दादू माजरा डिस्पेंसरी), डॉ. अनीता चौहान (ऑफिसर, सेंटर टी.बी. डिवीजन), मेडिकल सेल के कन्वीनर ललित तकियार, जिला अध्यक्ष रेखा सूद, को-कन्वीनर दीपक पाठक, अनु सिंगला, डॉ. मीना चड्ढा तथा संजय अरोड़ा की उपस्थिति में सभी टी.बी. मरीजों को पोषण किट वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने समाज के सक्षम वर्ग से भी इस प्रकार के जनसेवा अभियानों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि भारत को टी.बी. मुक्त बनाने के लक्ष्य को शीघ्र पूरा किया जा सके।