5 Dariya News

अब लड़ाई केवल चुनाव प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश को बचाने की : अखिलेश यादव

5 Dariya News

लखनऊ 08-May-2026

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में चुनावी धांधली का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जाकर चुनाव में “महाधांधली और महाबेईमानी” को देखने के बाद यह महसूस हुआ कि अब लड़ाई केवल चुनाव प्रक्रिया को बचाने की नहीं, बल्कि देश को बचाने की है।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश आज ऐसे गलत हाथों में चला गया है, जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समता-समानता, न्याय और देश की एकता-अखंडता के विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, शोषितों, वंचितों और पीडीए वर्ग के अधिकारों के खिलाफ काम कर रही है।

सपा प्रमुख ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाई और उनके मुखबिर संगी-साथी आजादी से पहले भी देश विरोधी थे और आजादी के बाद भी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वदेशी की बात करने वाले लोग विदेशों से पैसा क्यों लेते हैं और कोविड के दौरान जुटाए गए चंदे का हिसाब क्यों नहीं देते?

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की कई नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि योजना आयोग को खत्म कर देश के विकास की दिशा कमजोर की गई, जबकि नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों से छोटे कारोबार और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों को कमजोर कर आम जनता के बच्चों को शिक्षा से दूर रखने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि साम्प्रदायिकता का जहर फैलाकर देश की एकता को तोड़ने की कोशिश हो रही है और राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। सपा अध्यक्ष ने देशवासियों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अब निर्णायक समय आ गया है, जब सभी को मिलकर देश विरोधी नकारात्मक ताकतों को हराना होगा। उन्होंने कहा कि देश को बचाने और नई आजादी के लिए तिरंगा उठाने का समय आ गया है।