प्रो. असीम कुमार घोष से मिले 2025 बैच के आईएएस प्रोबेशनर्स
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आईएएस प्रोबेशनर्स को सुशासन और जनसेवा का दिया संदेश
5 Dariya News
चंडीगढ़ 07-May-2026
वर्ष 2025 बैच के छह आईएएस प्रोबेशनर्स, जिन्हें हरियाणा कैडर आवंटित किया गया है, ने आज यहां लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। प्रोबेशनर्स अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए राज्यपाल ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण भाव से करने तथा अपनी सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. असीम कुमार घोष ने युवा अधिकारियों को लोक प्रशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुशासन सुनिश्चित करने, जनसेवाओं की प्रभावी एवं समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को आमजन तक उनकी वास्तविक भावना के अनुरूप पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
राज्यपाल ने आईएएस प्रोबेशनर्स को सार्वजनिक सेवा के दौरान मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद वे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को उज्ज्वल एवं सफल प्रशासनिक करियर के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव विजय कुमार भाविकट्टी, कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग के सचिव पंकज तथा आईएएस प्रोबेशनर्स अमिततेज पांगटे, मुस्कान श्रीवास्तव, शिवानी पांचाल, सोहम शैलेंद्र, विशाल सिंह और विवेक यादव उपस्थित थे।