पंजाब के गृह मंत्री पद के काबिल नहीं भगवंत मान, पंजाब को ले जा रहे बर्बादी की तरफ: सुखजिंदर रंधावा
बम धमाकों मामले में केंद्र सरकार और भाजपा पर लगाए आरोप गंभीर, केंद्र मांगे पंजाब सरकार से जवाब
5 Dariya News
चंडीगढ़ 06-May-2026
पंजाब में लगातार दो बम धमाकों पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बयान पर पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि यह गृहमंत्री के तौर पर सीएम मान का बहुत ही शर्मनाक और हैरान करने वाला बयान है।
इसे भाजपा की साजिश बताकर सीएम मान अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। वह पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में वह और उनकी सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। वहीं दूसरी तरफ अपने ही सीएम के बयान के उल्ट उनके डीजीपी गौरव यादव इन बम धमाकों के पीछे पाकिस्तान कनैक्श बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि सीएम मान पंजाब को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। वह गृहमंत्री बने रहने के काबिल नहीं हैं। उनका पुलिस अधिकारियों के साथ कोई तालमेल नहीं है। सांसद रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री मान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर चुनाव वाले राज्यों में इस तरह के बम धमाके जैसे बहुत ही गंभीर आऱोप लगाए हैं।
इसका केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय को जवाब देना चाहिए, क्या सच में इन बम धमाकों के पीछे केंद्र सरकार और भाजपा का हाथ है? उन्होंने सीएम मान से पूछा कि इन बम धमाकों के मामले में जो एफआईआर होगी क्या इसमें केंद्र सरकार का नाम शामिल किया जाएगा?
या फिर यह सभी ड्रामेबाजी है। साथ ही पूछा कि मान बताएं रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके पर उनके पास कोई जवाब है? अगर सच में भाजपा चुनाव से पहले पंजाब की अमन शांति भंग करने का काम कर रही है तो यह पंजाबियों के लिए बड़ी अलार्मिंग स्थिति है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में इस तरह के हादसों की जिम्मेदारी केंद्र की नहीं बल्कि यह स्टेट का सब्जेट है। उन्होंने अंदरूनी सुरक्षा और नाकाबंदी को पुख्ता करवाने की बजाए केंद्र पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। यह मुख्यमंत्री पंजाब को बर्बादी की तरफ से ले जा रहे हैं।
ऐसे में हमें अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। क्योंकि सीएम मान पंजाब की कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम हैं। उन्होंने सीएम मान की शुक्राना यात्रा पर भी तंज कसा। कहा पुराने पाप मिटाने जा रहे या फिर नई भूल बख्शाने जा रहे।