5 Dariya News

हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु के गांव सैदपुर में 33.92 लाख रुपये की लागत से आधुनिक खेल मैदान का शिलान्यास किया

युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए सरकार की बड़ी पहल: हरभजन सिंह ईटीओ

5 Dariya News

अमृतसर 04-May-2026

पंजाब के लोक निर्माण मंत्री एवं जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरभजन सिंह ईटीओ ने आज गांव सैदपुर में 33.92 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक खेल मैदान का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने तथा गांव स्तर पर मजबूत खेल ढांचा विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

उन्होंने बताया कि इस खेल मैदान में चेन लिंक फेंसिंग, फुट लाइट्स, हाई मास्ट लाइट्स तथा बोरवेल हाइड्रेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे युवाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों में आधुनिक खेल मैदान विकसित करने की यह एक बड़ी और विशिष्ट पहल है। 

पहले चरण में राज्य के लगभग 3,100 गांवों में ऐसे खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, ताकि हर गांव के युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान मिल सके। इस संबंध में उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट के तहत सिविल बुनियादी ढांचा, मनरेगा कार्यों तथा खेल सामग्री सहित कुल परियोजना लागत लगभग 1250 करोड़ रुपये है।

उन्होंने कहा कि यह योजना सरकार के नशा विरोधी अभियान “युद्ध नशों के विरुद्ध” का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों के माध्यम से युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा, जिससे वे अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाते हुए नशों से दूर रहेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी पहलों से पंजाब के गांवों में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी और एक स्वस्थ व सशक्त समाज की नींव रखी जाएगी।