कबड्डी प्रमोटर कत्ल केस का आखिरी शूटर त्रिपुरा से गिरफ्तार
दोषी आदित्य उर्फ मक्खण ने अपने विदेशी हैंडलरों के इशारे पर योजनाबद्ध कत्ल को दिया था अंजाम : डीजीपी गौरव यादव
5 Dariya News
एस ए एस नगर 04-May-2026
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान संगठित अपराध के खिलाफ मिली बड़ी सफलता के तहत पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में कबड्डी प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया के सनसनीखेज कत्ल में शामिल शूटरों में से एक आदित्य उर्फ मक्खण को त्रिपुरा के अगरतला से गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार मुलजिम आदित्य उर्फ मक्खण, जो अमृतसर का रहने वाला है, का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कत्ल, कत्ल की कोशिश, जबरन वसूली, हथियार की नोक पर लूट-खसोट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट आदि से संबंधित कम से कम 14 मामले दर्ज हैं। यह सफलता दो अन्य शूटरों — करन पाठक उर्फ करन डिफॉल्टर और तरनदीप सिंह — को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से उनके साथी आकाशदीप समेत गिरफ्तार किए जाने के कुछ महीनों बाद सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 15 दिसंबर, 2025 को एसएएस नगर के गांव सोहाणा में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हमलावरों ने राणा बलाचौरिया को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस केस में अब तक तीन शूटरों समेत कुल छह मुलजिमों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
शूटरों को लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने के आरोप में दो मुलजिमों, जिनकी पहचान ऐशदीप सिंह और दविंदर के रूप में हुई है, को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार मुलजिम आदित्य उर्फ मक्खण ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस कत्ल को अंजाम दिया।
डीजीपी ने कहा कि जब आदित्य के साथियों को एजीटीएफ ने गिरफ्तार किया था, तब से ही मुलजिम आदित्य फरार था और गिरफ्तारी से बच रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि इस सनसनीखेज कत्ल केस में शामिल सभी मुलजिमों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने कहा कि आदित्य कपूर उर्फ मक्खण के ठिकाने की जानकारी खुफिया स्रोत से इनपुट प्राप्त हुई थी। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए “शैडो हंट” नाम से एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन चलाया गया और डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में एक पुलिस टीम को त्रिपुरा के अगरतला भेजा गया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के सहयोग से एजीटीएफ टीम ने आरोपी को वहां से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसएएस नगर के सोहाणा पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109, 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 312 दिनांक 16/12/2025 दर्ज की गई है।