ब्रम शंकर जिंपा ने वार्ड 23, 24 और 25 में 50 लाख रुपए की लागत से किया जल आपूर्ति पाइपलाइन कार्य का शिलान्यास
कहा, शहर में बुनियादी सुविधाओं को किया जा रहा मजबूत
5 Dariya News
होशियारपुर 04-May-2026
विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में होशियारपुर के वार्ड नंबर 23, 24 और 25 में जल आपूर्ति पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना पर लगभग 50 लाख रुपए की लागत आएगी, जिससे इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल की सुविधा सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर विधायक जिंपा ने कहा कि पंजाब सरकार आम जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यह कार्य पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड की ओर से करवाया जा रहा है और इसके पूरा होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आ रही पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि योजना के तहत शहर में जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे शहरी विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
इस मौके पर संजय शर्मा, शेरी, हरप्रीत कौर, जगदीश लाल बद्धन, बलवीर सिंह सैनी, बलवंत सिंह, बहादुर सिंह सुनेत, पार्षद जसवंत राय, लखवीर सिंह, कुलविंदर कौर, बिंदु शर्मा, सोनिया, मणि चोपड़ा, विक्रम सिंह, हरविंदर कौर और सुरजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।