‘आप’ द्वारा गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ रोष प्रदर्शन
केंद्र की मोदी सरकार पर बरसते हुए तीखे निशाने साधे गए
5 Dariya News
संगरूर 03-May-2026
आम आदमी पार्टी और जिला ट्रेड कमीशन द्वारा आज बस स्टैंड संगरूर के नजदीक मोदी सरकार द्वारा गैस सिलेंडरों की कीमतों में किए गए भारी इजाफे के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया तथा भाजपा पर तीखे निशाने साधे गए। इस मौके पर ट्रेडर्स कमीशन जिला संगरूर के चेयरमैन श्री अरुण जिंदल सहित बड़ी संख्या में ‘आप’ वॉलंटियरों ने भाग लिया।
उन्होंने एक स्वर में कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार आम आदमी के लिए लाचार और रसोई के लिए गुनहगार साबित हुई है। गौरतलब है कि व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर अब 993 रुपये महंगा हो गया है। 19 किलो वजन वाला व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर आम तौर पर होटलों और रेस्टोरेंटों में इस्तेमाल किया जाता है।
इसके साथ ही छोटे स्तर पर खाने-पीने की वस्तुएं बनाकर बेचने वालों द्वारा भी यह सिलेंडर इस्तेमाल किए जाते हैं, जिसके कारण इन वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी होगी और इसका बोझ आम आदमी पर पड़ेगा। इससे पहले कीमतों में 1 अप्रैल को 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर और 1 मार्च को 114.5 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी।
इन तीनों बढ़ोतरी के साथ कुल मिलाकर कमर्शियल एलपीजी की दरों में 1303 रुपये का इजाफा हुआ है। ‘आप’ नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार को चुनावों के समय ही आम भारतीयों के दुख-दर्द की चिंता होती है और बाद में उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध लगे हुए तीन महीने हो चुके हैं और सरकार को वित्तीय बोझ आम लोगों पर डालने की बजाय उन्हें बचाने के लिए कोई ठोस योजना तैयार करनी चाहिए थी, जबकि सिलेंडरों की कीमतों में भारी वृद्धि करके लोगों की कमर और तोड़ दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब भाजपा सत्ता में नहीं थी, तब इनके नेता सिलेंडर में 10 रुपये की बढ़ोतरी होने पर भी सड़कों पर उतर आते थे, जो अब कुंभकर्णी नींद सो गए हैं।
इस मौके पर जोरदार मांग की गई कि बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। इस अवसर पर राम कुमार ट्रेड कमीशन हल्का सुनाम सहित विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वॉलंटियर उपस्थित थे।