5 Dariya News

लुधियाना में ईयर360 ने अत्याधुनिक हियरिंग व स्पेशलाइज्ड हेल्थकेयर सेंटर का किया शुभारम्भ

5 Dariya News

लुधियाना 03-May-2026

रेसोनोकेयर हेल्थ-टेक प्राइवेट लिमिटेड ने अपने रिटेल हेल्थकेयर नेटवर्क का विस्तार करते हुए लुधियाना में ईयर360 (EAR360) एडवांस्ड हियरिंग एवं स्पेशलाइज्ड हेल्थकेयर सेंटर की शुरुआत की है। यह कदम देश में हियरिंग और उससे जुड़ी देखभाल सेवाओं के बड़े लेकिन अभी तक कम विकसित बाजार को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

सेंटर में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए ऑडियोलॉजी और सुनने से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बीआरएस नगर स्थित इस नए सेंटर में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऑडियोलॉजिकल देखभाल के साथ डिजिटल हियरिंग एड्स की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा स्पीच एवं लैंग्वेज थेरेपी, वॉइस और स्वॉलोइंग मैनेजमेंट, नींद से जुड़ी समस्याओं की जांच तथा टिनिटस (कानों में आवाज) के मूल्यांकन व प्रबंधन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

देश में हियरिंग केयर सेवाओं की स्थिति अभी भी सीमित है। अनुमानित 8.8 करोड़ लोग सुनने की समस्या से प्रभावित हैं, जबकि हियरिंग एड्स अपनाने वालों की संख्या 2 प्रतिशत से भी कम है। इसके अलावा 50 लाख से अधिक लोग स्पीच डिसऑर्डर, करीब 30 लाख लोग निगलने में दिक्कत और लगभग 7 करोड़ लोग नींद से संबंधित विकारों से जूझ रहे हैं।

वहीं 10 करोड़ से अधिक लोग टिनिटस की समस्या से प्रभावित हैं, जिससे जीवन की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसके बावजूद समन्वित और विशेषज्ञ सेवाओं तक मरीजों की पहुंच सीमित है, जिसके कारण उन्हें अलग-अलग समस्याओं के लिए कई संस्थानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ईयर360 का उद्देश्य एक ही छत के नीचे समग्र सेवाएं उपलब्ध कराकर इस कमी को दूर करना है।

सेंटर में हियरिंग जांच, व्यक्तिगत हियरिंग एड फिटिंग, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए व्यवस्थित उपचार, मल्टी-ब्रांड डिजिटल हियरिंग समाधान और दीर्घकालिक फॉलोअप सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस अवसर पर कंपनी के संस्थापक व सीईओ समीत वर्मा ने कहा कि हियरिंग केयर कई आपस में जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान का पहला माध्यम बनती है।

ईयर360 के जरिए कंपनी ऐसा इंटीग्रेटेड केयर मॉडल विकसित कर रही है, जिसकी शुरुआत ऑडियोलॉजी से होगी और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को निर्बाध और समन्वित उपचार मिल सके। सेंटर जागरूकता बढ़ाने और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने के लिए स्क्रीनिंग कार्यक्रम, सामुदायिक संपर्क अभियान और मरीज शिक्षा अभियान भी चलाएगा।

रेसोनोकेयर हेल्थ-टेक प्राइवेट लिमिटेड तकनीक आधारित और मरीज-केंद्रित हेल्थकेयर मॉडल विकसित करने पर काम कर रही है, जबकि ईयर360 को इंटीग्रेटेड हियरिंग और संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं के फ्रंट-एंड रिटेल प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित किया गया है।