5 Dariya News

“बदले की राजनीति पर उतरी मान सरकार, सच बोलने वालों पर FIR का हथियार” : तरुण चुग

जो कल तक आम आदमी पार्टी का संगठन चला रहे थे आज उनके ही ख़िलाफ़ षड्यंत्र कर रही केजरीवाल मान की सरकार

5 Dariya News

चंडीगढ़ 02-May-2026

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज एफ़आईआर और सांसद राजिंदर गुप्ता के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर हुई राजनीति से प्रेरित कार्यवाही की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। चुग ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जनता के मन में गहरा आक्रोश पनप चुका है और उसी हताशा, निराशा और डर के चलते अब विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।

चुग ने कहा कि जो व्यक्ति कल तक आम आदमी पार्टी के संगठन का अहम चेहरा था, वही आज अचानक अपराधी बना दिया गया है। चुग ने जोड़ा कि यह आम आदमी पार्टी की दोहरी नीति और गिरती साख का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आने के डर से सरकार अब सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और FIR को हथियार बनाकर आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

चुग ने कहा कि कुछ दिन पहले AAP छोड़ने वाले नेताओं के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई, जो यह दर्शाता है कि पार्टी में असहमति के लिए कोई जगह नहीं बची है। चुग ने जोड़ा कि पंजाब की जनता इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है और आने वाले समय में आम आदमी पार्टी को इसका करारा जवाब देगी।