5 Dariya News

हरियाणा में 52,000 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में जनगणना एवं हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस का शुभारंभ

5 Dariya News

चंडीगढ़ 01-May-2026

हरियाणा राज्य के 52,000 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में आज जनगणना एवं हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस का विधिवत शुभारंभ हो गया। यह कार्य प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा किया जा रहा है, जो विभिन्न सरकारी विभागों एवं निजी संस्थाओं के अधिकारी और कर्मचारी हैं। 

पिछले एक माह के दौरान सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु, सटीक एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। इस बार की जनगणना पूर्णतः डिजिटल होगी और संपूर्ण हाउस लिस्टिंग एवं डेटा संकलन मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से किया जाएगा। 

जिन नागरिकों ने पहले सेल्फ-एन्यूमरेशन कर लिया है, उन्हें केवल अपनी स्वगणना ID प्रगणक को बतानी होगी। आज से प्रारंभ हुए ऑपरेशंस में प्रगणकों द्वारा मकानों पर क्रमवार संख्या अंकित की जा रही है। प्रत्येक एन्यूमरेशन ब्लॉक में मकानों को सीरियल नंबर से चिन्हित किया जाएगा। 

सेक्टर आधारित आवासीय क्षेत्रों में सेक्टर नंबर एवं मकान संख्या को ही अंकन हेतु प्रयोग किया जाएगा। साथ ही, प्रगणक अपने क्षेत्र की प्रत्येक गली, मोहल्ले एवं बस्ती का सर्वेक्षण कर नज़री नक्शा तैयार करेंगे, ताकि कोई भी मकान अथवा परिवार जनगणना से वंचित न रहे।

निदेशक जनगणना, हरियाणा, डॉ. ललित जैन ने प्रदेशवासियों से प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक संदेह होने पर संबंधित अधिकारी का पहचान पत्र जांच सकते हैं, जिस पर स्कैन कोड भी उपलब्ध है। 

उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रगणकों का सम्मानपूर्वक स्वागत करें तथा सही एवं सटीक जानकारी दें। पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निकायों से भी सहयोग का अनुरोध किया गया, क्योंकि यह राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण कार्य है। डॉ. जैन ने कहा, “प्रगणक एवं सुपरवाइजर जनगणना विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं और पूरा विभाग उनके साथ मजबूती से खड़ा है।” 

उन्होंने बताया कि सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1885 प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक उपलब्ध है, जिसका उपयोग नागरिक, प्रगणक एवं सुपरवाइजर कर सकते हैं। चूंकि यह देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना है, इसलिए प्रारंभिक चरण में कुछ तकनीकी चुनौतियाँ स्वाभाविक हैं, जिनका विभाग तत्काल समाधान कर रहा है।

उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स से मौसम को ध्यान में रखते हुए फील्ड में जाने तथा पानी एवं टोपी साथ रखने का आग्रह किया। अंत में डॉ. जैन ने चार्ज ऑफिसर के रूप में कार्यरत तहसीलदारों, सचिवों, कार्यकारी अधिकारियों एवं जोनल टैक्सेशन अधिकारियों का विशेष धन्यवाद किया, जो जनगणना अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।