5 Dariya News

संयमी खेर ने फिल्मों के साथ IPL में स्पोर्ट्स क्रिटिक के रूप में नई पहचान बनाई

5 Dariya News

मुंबई 30-Apr-2026

एक्ट्रेस संयमी खेर लगातार अपने करियर में नए आयाम जोड़ रही हैं। वह फिल्मों के साथ-साथ अपने खेल के प्रति प्यार को भी आगे बढ़ा रही हैं। अब संयमी IPL में स्पोर्ट्स क्रिटिक के रूप में भी नज़र आ रही हैं और इंडियन प्रीमियर लीग के लिए एनालिस्ट के तौर पर जुड़ी हैं।

अपने एथलेटिक बैकग्राउंड और फिटनेस के प्रति समर्पण के लिए जानी जाने वाली सैयामी का स्पोर्ट्स एनालिसिस में आना काफी स्वाभाविक लगता है। जहां एक तरफ वह फिल्मों में मज़बूत पहचान बना रही हैं, वहीं यह नया रोल उनकी बहुमुखी प्रतिभा को भी दर्शाता है।

इस नए अनुभव के बारे में संयमी ने कहा, “जब मैं 14 साल की थी, तब मेरे पिता ने मेरे क्रिकेट के प्रति प्यार को देखकर कहा था कि मुझे स्कूल छोड़कर स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में जाना चाहिए। मुझे खेल बहुत पसंद था, लेकिन मैं पहले अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती थी। कॉलेज के दौरान मुझे थिएटर और फिर फिल्मों में दिलचस्पी हो गई। 

लेकिन मुझे खुशी है कि अब मैं फिल्मों के साथ-साथ इस स्पेस का भी हिस्सा हूं। खेल हमेशा मेरी ज़िंदगी का अहम हिस्सा रहा है। यह सिर्फ देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मैं खुद भी इसमें एक्टिव रही हूं, चाहे क्रिकेट खेलना हो, मैराथन दौड़ना हो या आयरनमैन की तैयारी करना। 

खेल आपको अनुशासन और एक खास सोच देता है, जिसे मैं अपने एक्टिंग करियर में भी लेकर आई हूं।” वह आगे कहती हैं, “IPL का हिस्सा बनना बहुत रोमांचक है क्योंकि इससे मुझे खेल को एक नए नज़रिए से देखने का मौका मिला है। कई बार मुझे खुद यकीन नहीं होता कि मैं अपने बचपन के हीरोज के साथ बैठकर मैच देख रही हूं और उस पर चर्चा कर रही हूं जैसे वीरेंद्र सहवाग, एडम गिलक्रिस्ट, हर्षा भोगले और कई अन्य।”

सैयामी ने आगे कहा, “अगर आप सही प्लानिंग करें तो आप अपने सभी कामों के बीच संतुलन बना सकते हैं। IPL के साथ-साथ मैंने अपनी दो फिल्मों की शूटिंग पूरी कर ली है और मैं अपने तीसरे आयरनमैन के लिए ट्रेनिंग भी कर रही हूं। मैं चाहती हूं कि आगे भी इसी तरह फिल्मों, खेल और ट्रैवल के बीच संतुलन बनाए रखूं।”

अंत में वह कहती हैं, “मेरे लिए सबसे दिलचस्प बात यह है कि सिनेमा और खेल दोनों ही कहानी कहने के माध्यम हैं। दोनों में भावनाएं, अनिश्चितता और इंसानी जज़्बा होता है। चाहे मैं फिल्म सेट पर हूं या किसी मैच पर चर्चा कर रही हूं, असल में मैं कहानियों से जुड़ी हूं। 

अगर मैं दोनों जगह ईमानदारी से काम कर पाऊं, तो मुझे लगता है कि मैं सही दिशा में हूं।” संयमी खेर का यह नया कदम उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाता है जहां जुनून, अनुशासन और नए अनुभवों को अपनाने का साहस साफ दिखाई देता है।

फिल्मों की बात करें तो सैयामी जल्द ही प्रियदर्शन की फिल्म हैवान में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ नज़र आएंगी। इसके अलावा वह निर्देशक विक्रम फडनिस की एक अनटाइटल्ड फिल्म में विनीत कुमार सिंह और ताहिर राज भसीन Ra के साथ भी दिखाई देंगी।