धुसी बांध और गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक बनने वाली सड़क का संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने लिया जायजा
पांच गांवों के लोगों ने जताया आभार, बांध को मजबूत करने का काम तेज
5 Dariya News
जालंधर / सुल्तानपुर लोधी 28-Apr-2026
राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने आज गांव मंडाला छन्ना का दौरा किया, जहां 2000 फुट से अधिक क्षेत्र में पत्थर लगाया जा चुका है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। आसपास के पांच गांवों के लोगों ने संत सीचेवाल का धन्यवाद किया और कहा कि उनके प्रयासों से सतलुज नदी के धुसी बांध के संवेदनशील हिस्से को पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है।
संत सीचेवाल ने क्षेत्र के लोगों को बताया कि आने वाले दिनों में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धुसी बांध पर बनने वाली सड़क का शिलान्यास करने के लिए आएंगे। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए उन्होंने मंडी बोर्ड के सचिव को पत्र लिखा है। यह सड़क तीन चरणों में तैयार की जाएगी।
धुसी बांध पर जिन पांच गांवों के लोग मंडाला छन्ना पहुंचे थे, उनमें जानियां, जानियां चाहल, महिराजपुर, गट्टा मुंडी कासू और लखू दी छन्ना शामिल थे। इन गांवों के लोगों ने संत सीचेवाल का इस बात के लिए भी धन्यवाद किया कि उनके प्रयासों से गिद्दड़पिंडी रेलवे पुल के नीचे जमी गाद हटाने का काम शुरू हो गया है, जो बाढ़ का बड़ा खतरा बनी हुई थी।
पंचों, सरपंचों, नंबरदारों और किसान नेताओं ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार देखा है कि बांध को मजबूत करने के लिए मंड क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में पत्थर पहुंचाया गया है। यह सब संत सीचेवाल और पंजाब सरकार के सहयोग से संभव हो पाया है।
लोगों ने यह भी बताया कि 2008, 2019 और 2023 में आई बाढ़ के दौरान संत सीचेवाल ने उनका साथ दिया था। वहीं, वर्ष 2025 में सतलुज नदी के धुसी बांध को हो रहे भारी कटाव को रोकने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।