5 Dariya News

“दल बदलना गद्दारी है तो भगवंत मान और उनके कई कैबिनेट मंत्री भी गद्दार” : अश्वनी शर्मा का तीखा हमला

हर मुद्दे पर बोलने वाले भगवंत मान, राज्य सभा सांसदों द्वारा लगाए आरोपों पर चुप क्यों? : अश्वनी शर्मा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 28-Apr-2026

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हर मुद्दे पर बयान दे रहे हैं, लेकिन  राघव  चड्डा और अन्य नेताओं द्वारा आम आदमी पार्टी को सिद्धांतों से समझौता करने वाली और भ्रष्ट बताए जाने पर उन्होंने चुप्पी साध रखी है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का, जो आज प्रदेश सचिव संजीव खन्ना, कंवरवीर सिंह टोहरा और स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी के साथ एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आप पार्टी  द्वारा राज्य सभा सांसदों को “गद्दार” कहने पर भी पलटवार किया। शर्मा ने कहा कि जिन लोगों को गद्दार कहा जा रहा है, वे अपने परिश्रम और उपलब्धियों के कारण जाने जाते हैं और उन्होंने पंजाब व पंजाबियों का नाम वैश्विक स्तर पर ऊंचा किया है। इस संदर्भ में उन्होंने राजिंदर गुप्ता, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह और विक्रमजीत सिंह साहनी जैसे प्रमुख नामों का उल्लेख किया और उनके औद्योगिक, शैक्षिक, खेल व सामाजिक योगदान को रेखांकित किया।

शर्मा ने आगे कहा कि अगर पार्टी बदलना “गद्दारी” है, तो पार्टियां बदलने वाले भगवंत मान गद्दार हैं । उनकी कैबिनेट में दूसरी पार्टियों से आए  गुरमीत सिंह खुडियां,अमन अरोड़ा, बरिंदर कुमार गोयल,कुलदीप सिंह ढालीवाल, तरुणप्रीत सिंह सौंध, हरदीप सिंह मुंडियां, लाल चंद कटारूचक,आदि  भी गद्दार हैं । आप की टिकट पर दूसरी पार्टियों से आकर विधानसभा उप चुनाव लड़ने वाले हरदीप सिंह डिम्पी ढिल्लों, हरमीत सिंह संधू, इशांक कुमार, मोहिन्दर भगत भी गद्दार हैं ।

आप पार्टी के कई संस्थापक और वरिष्ठ नेताओं जैसे योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, कुमार विश्वास, अलका लांबा आदि ने  पार्टी छोड़ते  हुए जो केजरिवाल के नेतृत्व, आप पार्टी की नीतियों और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए वह ही आज पार्टी छोड़ने राज्य सभा सांसदों ने उठाए, पर उनका जवाब नहीं मिला अंत में, शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देना चाहिए और पंजाब की जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।