5 Dariya News

अमन अरोड़ा द्वारा सुनाम के 7 गांवों में 3.18 करोड़ रुपये की लागत से नहरी पानी के सिंचाई प्रोजेक्टों की शुरुआत

कहा, 186 किसान परिवारों की 2900 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए मिलेगा नहरी पानी

5 Dariya News

सुनाम उधम सिंह वाला/लॉन्गोवाल/संगरूर 25-Apr-2026

पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सुनाम हलके के 7 गांवों में खेतों की सिंचाई के लिए 3.18 करोड़ रुपये की लागत से नहरी पानी के प्रोजेक्टों की शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि इससे 186 किसान परिवारों की 2900 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आज उन्होंने अपने हलके में 20.42 करोड़ रुपये की लागत से 23 कार्यों का लोकार्पण भी किया है।

इस मौके पर विभिन्न गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा भूमिगत जल को बचाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि नहरी पानी को टेलों तक पहुंचाने से किसानों को बड़ी राहत मिली है और भूजल के अत्यधिक उपयोग पर नियंत्रण पाने में मदद मिली है।

अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार ने 6700 करोड़ रुपये खर्च कर नहर प्रणाली को अपग्रेड किया है, जिससे अन्य राज्यों को व्यर्थ जाने वाला नहरी पानी अब सिंचाई के लिए इस्तेमाल हो रहा है और भूजल की बचत हो रही है। इसके अलावा, राज्य में जहां भी पीने योग्य भूमिगत पानी खराब है, वहां नहरी पानी की आपूर्ति के लिए प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं।

इस दौरान मंत्री अमन अरोड़ा ने गांव नमोल में 40.16 लाख रुपये की लागत से मोगा नंबर 6610 आर का शिलान्यास किया। वहीं लॉन्गोवाल में 40.16 लाख रुपये की लागत से पिंडी गोबिंद नगर में शेरों से किलां रोड मोगा नंबर 106641 आर, पिंडी अमर सिंह में बोधी स्कूल के पास सूए के पुल मोगा नंबर 22477 आर का 23.07 लाख रुपये की लागत से तथा पिंडी देसुपूर में मोगा नंबर 33702 टीआर का 63.50 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने इसके अलावा लोहाखेड़ा में लॉन्गोवाल रोड पर मोगा 23000 एल का 94.65 लाख रुपये की लागत से, साहोके में 31.65 लाख रुपये की लागत से मोगा नंबर 4666 आर तथा मंडेर खुर्द में 25.67 लाख रुपये की लागत से सिंचाई प्रोजेक्टों का शिलान्यास किया। उन्होंने पिंडी देसुपुरा में रामलीला के लिए 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ये प्रोजेक्ट कृषि को मजबूत करने के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। इस मौके पर क्षेत्र के पंच-सरपंच और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।