पंजाब के लोगों को भाजपा और आप के मनसूबों को समझने की जरूरत : सुखजिंदर सिंह रंधावा
रंधावा ने कहा - भाजपा कर रही लोकतंत्र की हत्या, कांग्रेस ही कर सकती संविधान की रक्षा
5 Dariya News
चंडीगढ़ 25-Apr-2026
पूर्व उप मुख्यमंत्री पंजाब और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि दोनों दल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। सत्ता के लिए दोनों पार्टियां संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी कर रही हैं।
पंजाब के लोगों को आज भाजपा और आप के इस प्रोपोगैंडे को समझने की जरूरत है। रंधावा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में केवल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो संविधान की रक्षा कर सकती है। लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। रंधावा ने पंजाब ही नहीं बल्कि देश की जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने के लिए कांग्रेस का समर्थन करें।
ताकि भाजपा की साजिशों को नाकाम किया जा सके। पूर्व उपमुख्यमंत्री रंधावा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड़्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक समेत सात सांसदों का भाजपा और आरएसएस की सिंगल पार्टी रुल को बढ़ावा देने का प्रयास है। भाजपा न सिर्फ लोकसभा और विधानसभा में अपने आंकड़ें बढ़ा कर मनमर्जी के बिल पास करना चाहती है, बल्कि छोटी और रीजनल पार्टियों को खत्म करने का काम भी कर रही है।
खास तौर पर विपक्ष को खत्म करना भाजपा का लक्ष्य है। ईडी और सीबीआई जैसी सरकारी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके विभिन्न पार्टियों के नेताओं को डराकर धमका कर भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। जनादेश को लूटा जा रहा है और जनादेश का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान बचाओ की आवाज बुलंद की है।
कांग्रेस ही संविधान को बचा सकती है। रंधावा ने आरोप लगाया कि भाजपा की बी-टीम आप ने कांग्रेस के खिलाफ झूठ का महल खड़ा किया था, वो अपने ही बोझ से ढह रहा है। आप ने दस साल तक कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगाए और कांग्रेस को भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की जाती रही है। उसी पार्टी की नींव अब दरक रही है। उन्होंने कहा कि दो गलतियां मिलकर एक सच नहीं बनती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करके ही पंजाब को बचाया जा सकता है।