5 Dariya News

हरभजन सिंह ईटीओ ने विभिन्न गांवों में संपर्क सड़कों के प्रोजेक्टों के शिलान्यास किए

करोड़ों रुपये की लागत से गांवों की सड़कों के नवीनीकरण का शिलान्यास

5 Dariya News

जंडियाला गुरु/अमृतसर 21-Apr-2026

पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और तेज़ी देते हुए विभिन्न गांवों में संपर्क सड़कों के प्रोजेक्टों के शिलान्यास किए। इन प्रोजेक्टों का उद्देश्य ग्रामीण संपर्क को मजबूत करना, यातायात को सुगम बनाना और लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाना है।

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लगभग 2 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से इन सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जो गांवों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि गांव सैदो लेहल में विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। 

ये सड़कें कुल 3.50 किलोमीटर लंबी और 10 फुट चौड़ी होंगी, जिससे गांव में यातायात की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने आगे बताया कि गांव अकालगढ़ ढपई में भी विभिन्न इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। 

 सड़कें कुल 3.45 किलोमीटर लंबी और 10 फुट चौड़ी होंगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा, “ये सभी कार्य स्पेशल असिस्टेंस स्कीम के तहत करवाए जाएंगे। संबंधित ठेकेदारों को कार्य आवंटित किया जा चुका है और इन्हें 6 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।”

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ये सड़कें न केवल यातायात को आसान बनाएंगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी और गांवों को शहरों के साथ बेहतर ढंग से जोड़ेंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से, पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को इन विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र राज्य के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल होगा।