5 Dariya News

नई दिल्ली में शिक्षा सुधारों पर मंथन: हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से लिया मार्गदर्शन

5 Dariya News

चंडीगढ़/नई दिल्ली 18-Apr-2026

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और सुधारात्मक पहलों पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया।बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार, डिजिटल लर्निंग, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। 

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार शिक्षा प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है और इसमें नवाचारों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। 

उन्होंने सुझाव दिया कि तकनीक आधारित शिक्षा को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सके। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र में और अधिक प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।