मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना : मोहाली से कुलवंत सिंह ने 24वीं और 25वीं बस को किया रवाना
5 Dariya News
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर 21-Apr-2026
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज मोहाली से विधायक कुलवंत सिंह ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, फेज-1 मोहाली से श्रद्धालुओं से भरी 24वीं और 25वीं बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि श्रद्धालु तीन दिन और दो रातों के दौरान श्री दरबार साहिब (अमृतसर), श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत श्रद्धालुओं द्वारा पंजीकरण का क्रम लगातार तेज हो रहा है, जो बेहद संतोषजनक है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब से अरदास कर श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना हुए और उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों।
विधायक ने कहा कि आने वाले दिनों में मोहाली विधानसभा क्षेत्र से और भी बसें इस योजना के तहत रवाना की जाएंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की यह इच्छा थी कि वरिष्ठ नागरिकों को आस्था स्थलों के दर्शन आसानी से करवाए जाएं और इसी उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है।
उन्होंने आगे बताया कि प्रत्येक बस के साथ गाइड और मेडिकल टीम मौजूद रहती है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनता से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने के साथ-साथ अन्य जनहितैषी योजनाएं भी लगातार शुरू की जा रही हैं।
इस मौके पर हल्का कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह, कुलदीप सिंह समाना और काउंसलर गुरमीत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना श्रद्धालुओं के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने विधायक कुलवंत सिंह का भी आभार जताया, जो हर बार बसों को रवाना करने और वापसी पर श्रद्धालुओं से उनके अनुभव साझा करते हैं।
इस अवसर पर अन्य पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।