हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से की मुलाकात
5 Dariya News
चंडीगढ़ 17-Apr-2026
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया संग मुलाकात की और सुनियोजित प्रयासों और मजबूत नीतियों के माध्यम से हरियाणा को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने व राज्य के खेल ढांचे को और सशक्त बनाने बारे में बैठक कर चर्चा की।
बैठक में राज्य मंत्री गौरव गौतम ने युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं के साथ साथ ‘मिशन ओलंपिक 2036’ को केंद्र में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की। इसके अलावा ,खेलो इंडिया, फिट इंडिया और यूथ गेम्स जैसी प्रमुख योजनाओं को हरियाणा प्रदेश के गांव-गांव और प्रत्येक युवा तक पहुंचाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन रणनीति पर भी विचार किया गया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।बैठक में खिलाडिय़ों को आर्थिक सहायता, डाइट प्लान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देने जैसे मुद्दों पर भी जानकारी दी गई गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को और अधिक व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा खेलों से जुड़ सकें और राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला सकें।
मिशन 2036 ओलंपिक को लेकर हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ियों के बारे में भी बातचीत हुईं।खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने जिला पलवल में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह स्टेडियम न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का मंच भी प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले ही देश में खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर चुका है और ओलंपिक एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के खिलाड़ियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है।