5 Dariya News

मांवां धियां सत्कार योजना के पंजीकरण में पटियाला जिला पंजाब भर में पहले स्थान पर - डॉ. बलबीर सिंह

कहा, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के पंजीकरण में भी पटियाला पूरे पंजाब में अग्रणी

5 Dariya News

पटियाला 17-Apr-2026

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पटियाला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मांवां धियां सत्कार योजना के पंजीकरण में पटियाला पहले स्थान पर है, जबकि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के पंजीकरण में भी पटियाला अग्रणी है और जिला दूसरे स्थान पर है।

बैठक के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत लाभार्थी परिवारों के कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा की और इस बात पर जोर दिया कि सरकारी विभागों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी अपने स्वास्थ्य कार्ड बनवाएं तथा इस योजना का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक लोगों के कार्ड बनाए जाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। 

उन्होंने जोर देकर कहा कि योजना के क्रियान्वयन की रोजाना निगरानी की जाएगी ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को कवर किया जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान स्वयं रोजाना इस योजना के तहत कार्ड बनाने की समीक्षा कर रहे हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला ग्रामीण क्षेत्र के गांवों के तालाबों के नवीनीकरण, पात्र लाभार्थियों को पांच मरले के रिहायशी प्लॉटों के वितरण तथा सड़कों की मरम्मत के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि भादसों रोड पर टिवाणा चौक को चौड़ा कर यातायात बाधा की समस्या का समाधान किया जाए। इसके अलावा शहर में एल एंड टी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी तुरंत करवाई जाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एडीसी दमनजीत सिंह मान को सभी संबंधित योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर ने स्वास्थ्य मंत्री को जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि सभी निर्देश समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से लागू किए जाएंगे। 

बैठक में पीडीए की सीए अपर्णा एम.बी., इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विरक, पीआरटीसी के वाइस चेयरमैन बलविंदर सिंह झाड़वां, जसबीर गांधी, ब्लॉक समिति सदस्य अमन भुल्लर, सुरेश राय, वेद कपूर, चिंटू नासरा, नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह, एडीसी ग्रामीण विकास दमनजीत सिंह मान, संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा, सिविल सर्जन डॉ. शेली जेतली सहित अन्य वरिष्ठ जिला अधिकारी उपस्थित थे।