सुखवीर सिंह द्वारा धूरी के वार्ड नंबर 17 में 47.86 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत
लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना सरकार की पहली प्राथमिकता: ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह
5 Dariya News
धूरी 17-Apr-2026
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शहरी विकास को नई दिशा देने के प्रयासों के तहत आज धूरी शहर के वार्ड नंबर 17 में 47.86 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत करवाई गई। इस परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर अपने संबोधन में ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और धूरी शहर में चल रहे विकास कार्य इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 17 की 10 गलियों में ये कार्य करवाए जाएंगे, जिनमें गलियों को ऊंचा उठाना, इंटरलॉक टाइल्स लगाना तथा बरसाती पानी की निकासी के लिए पुख्ता प्रबंध करना शामिल है।
उन्होंने आगे बताया कि जिन गलियों में नीचाई के कारण बरसात के दौरान पानी जमा होने की समस्या आती थी, वहां अब तकनीकी मानकों के अनुसार उन्हें ऊंचा कर स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही इंटरलॉक टाइल्स लगने से गलियों की मजबूती और सुंदरता दोनों में वृद्धि होगी।
सुखवीर सिंह ने कहा कि धूरी शहर में चल रहे प्रत्येक विकास कार्य की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जा रही है, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने आगे बताया कि धूरी में चल रहे अधिकांश विकास कार्यों को 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस दिशा में कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शहर के प्रत्येक हिस्से में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए ऐसे विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर बिल्ला धर्मसोत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।