डिप्टी कमिश्नर की ओर से दाना मंडी का दौरा, गेहूं की खरीद के प्रबंधों का लिया जायजा
अधिकारियों को सुचारू ढंग से फसल की खरीद करने के निर्देश
5 Dariya News
होशियारपुर 14-Apr-2026
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज स्थानीय दाना मंडी का दौरा करते हुए गेहूं की खरीद प्रबंधों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों और आढ़तियों के लिए सुनिश्चित की गई सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद बिना किसी देरी के और सुचारू ढंग से की जाए, ताकि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ दाना मंडी पहुंची डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने मंडी में मौजूद किसानों से बातचीत करते हुए प्रबंधों की जानकारी हासिल की। मंडी में मौजूद गांव मोनाकलां के किसान बलविंदर सिंह ने बताया कि वे अपनी फसल लेकर आए हैं और उन्होंने मंडी में किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया।डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि किसानों की फसल को निर्धारित समय में खरीदने के अलावा तय समय में भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खरीद एजेंसियों के लिए हर पहलू से जरूरी प्रबंध किए गए हैं, ताकि कोई मुश्किल पेश न आए।डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने इससे पहले जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में गेहूं की खरीद संबंधी खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों और खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके निर्देश दिए कि किसानों को जिले की मंडियों में कोई समस्या पेश न हो और उनकी फसल सुगम तथा सुचारू ढंग से खरीदी जाए। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर निकास कुमार के अलावा संबंधित अधिकारी, आढ़ती और किसान भी मौजूद थे।