5 Dariya News

लुमिएर 2026 ने पेक में रचनात्मकता और सिनेमा को दी नई रौशनी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 12-Apr-2026

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ के प्रोजेक्शन एंड डिज़ाइन क्लब (पीडीसी) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के फिल्म निर्माण महोत्सव लुमिएर 2026 का शुभारंभ 10 अप्रैल, 2026 को उत्साह और जोश के साथ हुआ। “स्टोरीज़ डेट मैटर : सिनेमा फॉर सोशल चेंज” थीम पर आधारित यह महोत्सव देशभर के फिल्म निर्माताओं, कहानीकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं को एक मंच पर एकत्रित कर रहा है।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के आगमन के साथ हुई, जिसके बाद पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर रचनात्मकता और ज्ञान की भावना को प्रतीकात्मक रूप से प्रकट किया गया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. शोभना धीमन और पीडीसी के प्रभारी डॉ. कौस्तुभ काम्बले ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रतिभागियों को सिनेमा के माध्यम से कहानी कहने की शक्ति को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान प्रोजेक्शन एंड डिज़ाइन क्लब द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गई, जिसमें लुमिएर 2026 के दृष्टिकोण और इसके पीछे के प्रयासों को दर्शाया गया। इसके पश्चात प्रमुख योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें अतिथियों, आयोजन समिति और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

शाम का विशेष आकर्षण फिल्म “ग्रीष्मांत” की स्क्रीनिंग रही, जिसने रीबॉर्न इंडिया फिल्म फेस्टिवल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और अपनी उत्कृष्ट कहानी और सिनेमाई प्रस्तुति के लिए सराही गई। यह महोत्सव तीन दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों से भरपूर है, जिनमें लुमिएर स्प्रिंट (48 घंटे का फिल्म निर्माण चैलेंज), नॉर्दर्न रे (क्षेत्रीय सिनेमा प्रदर्शन), प्रिज़्म (राष्ट्रीय छात्र फिल्म प्रतियोगिता) और वेरिते (डॉक्यूमेंट्री और सामाजिक प्रभाव वाली फिल्में) शामिल हैं।

इसके साथ ही एपर्चर लैब (सिनेमैटोग्राफी मास्टरक्लास), स्प्लाइस (एडिटिंग वर्कशॉप) और स्क्रिप्ट एंड शैडो (स्क्रीनराइटिंग वर्कशॉप) जैसे कार्यशालाओं के अलावा पैनल चर्चाएं, ओपन माइक सत्र, फोटो वॉक और सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जा रही हैं। इस आयोजन में 500 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी और उद्योग विशेषज्ञों की उपस्थिति ने इसे सीखने, सहयोग और रचनात्मक अन्वेषण के लिए एक सशक्त मंच बना दिया है।

प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और स्क्रीनिंग के इस समागम के साथ लुमिएर 2026 न केवल पेक की इनोवेशन और रचनात्मकता की परंपरा को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि सार्थक कहानी कहने और सिनेमा के माध्यम से अभिव्यक्ति के लिए एक प्रभावी मंच भी प्रदान कर रहा है।