कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा नगर काउंसिल लालड़ू के अधीन कच्चे मकानों को पक्का करने हेतु 57 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित
प्रति लाभार्थी 2.50 लाख रुपये चरणबद्ध तरीके से मिलेंगे
5 Dariya News
लालड़ू 10-Apr-2026
पंजाब शहरी विकास योजना के तहत नगर काउंसिल लालड़ू द्वारा कच्चे मकानों को पक्का करने के लिए चयनित 57 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 2.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने हेतु स्वीकृति पत्र हल्का विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा वितरित किए गए।इस अवसर पर विधायक श्री रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाना है।उन्होंने कहा कि कच्ची छतों को पक्का करने के लिए दी जा रही यह सहायता राशि लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस योजना से न केवल लोगों को सुरक्षित रहने के लिए मजबूत छतें मिलेंगी, बल्कि उनकी जीवन गुणवत्ता में भी महत्वपूर्ण सुधार आएगा।लाभार्थियों ने इस मौके पर पंजाब सरकार और हल्का विधायक का धन्यवाद किया और कहा कि इस सहायता से वे अपने घरों को पक्का और सुरक्षित बनाने में सक्षम होंगे।उल्लेखनीय है कि यह ग्रांट लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से, निर्माण कार्य शुरू करने से लेकर पूर्ण होने तक, अलग-अलग किस्तों में प्रदान की जाएगी।