बिजनैसमैन को धमकाने और डराने वाले आप मंत्रियों पर हो कानूनी कार्रवाई: परगट सिंह
परगट ने लगाए सरकार के मंत्रियों पर ट्राली निर्माता से वसूली करने और पैसे हड़पने के आरोप
5 Dariya News
चंडीगढ़ 10-Apr-2026
पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने ट्राली निर्माता बिजनैसमैन को धमकाने और वसूली करने के लिए दबाव बनाने के आरोपों में फंसे आम आदमी पार्टी के दोनों मंत्रियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के मंत्रियों ने लालच और असभ्या भाषा की सभी हदें पार कर दी हैं। इनका बिजनैसमैन से गाली गलौच करना और धमकाना सरासर गलत है। आप के मंत्री ही पंजाब के इनवेस्ट पंजाब जैसी मुहिम को धक्का लगाते हैं। ऐसे में कोई बिजनैसमैन पंजाब में इनवेस्ट नहीं करेगा।
परगट सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया और पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल की ट्राली निर्माता मलकीत सिंह को धमकाने की ऑडियो वायरल होने के मामले में कड़ी निंदा की। उन्होंने पंजाब की बदकिस्मती है कि आम आदमी पार्टी के मंत्रियों को सत्ता का नशा रास नहीं आ रही है। वह पावर को पचा नहीं पा रहे हैं और ऐसी हरकतें कर रहे हैं। जनता के प्रतिनिधियों को बहुत सोच समझ कर बात करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अब आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्रियों को पता चल गया है कि उनकी सरकार का समय थोड़ा रह गया है। वह सोचते हैं कि अभी लूट-खसूट का बहुत काम बाकी है। आप के ही एक मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर ने भी पैसे के लालच में एक अफसर को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया था। अब उनके मंत्री मुंडिया और पूर्व मंत्री धालीवाल बिनैजसमैन को न केवल वसूली के लिए धमका रहे हैं, बल्कि गैंगस्टरों के धमकियां दिलवा रहे थे।
इनको चाहिए था कि वह उस ट्राली निर्माता को उनकी लागत के हिसाब से पैसे का भुगतान करते। यह सोशल मीडिया का जमाना है और तेजी से ऐसी चीजें वायरल होती हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को चाहिए कि वह बिजनैसमैनों को उनका बिजनैस करने दें और अफसरों को उनका काम करने दें। बिजनैसमैन राज्य को न केवल रेवेन्यू देता है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के मौके भी पैदा करता है। छोटे से छोटा बिजनैसमैन भी 10-20 युवाओं के रोजगार का जरिया बनता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्षी पार्टी होनें के नाते और पंजाब की ईमेज को बचाने के लिए हमेशा बिजनैसमैन और पीड़ित लोगों के साथ खड़ी है। ऐसे लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए हर मोर्चे पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब की सरकारें अपने मंत्रियों को बचाने और पीड़ितों को दबाने का काम कर रही हैं। पंजाब के लिए यह माहौल अच्छा नहीं है।