5 Dariya News

घुसपैठियों को देश छोड़कर जाना ही होगा : संजय सेठ

5 Dariya News

रांची 10-Apr-2026

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के घोषणापत्र पर कहा कि भाजपा जो कहती है वह पूरा करती है। घोषणा पत्र के दौरान अमित शाह ने जो कुछ कहा, वह बिल्कुल ठीक है। उन्होंने ये भी कहा कि बांग्लादेशी मुसलमान अगर हमारे इलाके में घुसपैठ करते हैं तो उन्हें रहने की इजाजत कैसे दी जा सकती है। उन्हें वोट देने का अधिकार भी नहीं मिलेगा।

घुसपैठियों को देश छोड़कर जाना ही होगा। रांची में आईएएनएस से बातचीत में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि अमित शाह ने देश से नक्सलवाद को पूरी तरह जड़ से खत्म करने का वादा किया था। हम झारखंड में रहते हैं। कुछ साल पहले अगर रांची से डाल्टनगंज जाना होता तो शाम 5 बजे के बाद बसें बंद हो जाती थीं। खूंटी या जमशेदपुर जाना भी मुश्किल था। 

अकसर अखबारों में ‘नक्सल बंद’ की खबर छपती थी। गांवों की तो बात छोड़िए, शहरों में भी दुकानें बंद हो जाती थीं, लेकिन आज अमित शाह के प्रयासों और प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद और माओवाद को झारखंड समेत देश के बड़े हिस्से में लगभग खत्म कर दिया गया है। गो हत्या और गो तस्करी पर संजय सेठ ने कहा कि गृहमंत्री ने साफ कहा है कि गो माता को कोई हाथ नहीं लगा पाएगा। 

गो हत्या बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह हमारा दृढ़ संकल्प है। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने तीन साल पहले कहा था कि कोई भी गो तस्करी नहीं रोकेगा और पुलिस थाना भी इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगा। गोमाता, जिसमें करोड़ों देवी-देवताओं का वास माना जाता है और जिसकी हम पूजा करते हैं, रोटी-गुड़ खिलाते हैं, उसी को रात के अंधेरे में झारखंड से बांग्लादेश ले जाकर कटवाया जा रहा है।

अगर कोई गो भक्त इसे रोकने की कोशिश करता है तो उस पर केस हो जाता है। संजय सेठ ने कहा कि भाजपा और अन्य सरकार के बीच यही फर्क है। भाजपा जो कहती है, वही करती है। किसी भी हाल में गो-माता को बचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का वोट बैंक घुसपैठियों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला नहीं है। ममता बनर्जी कहती हैं कि बाहर से आओ। हम तुम्हारा आधार कार्ड और वोटर कार्ड बनवा देंगे, लेकिन भाजपा का वोट बैंक इस तरह नहीं चलता। एक-एक करके सभी घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा।