‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत 105 परिवारों को मिले मालिकाना हक
ओएसडी सुखवीर सिंह ने गांव दुगनी के 105 लाभार्थियों को मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित किए
5 Dariya News
धूरी 10-Apr-2026
पंजाब सरकार द्वारा गांवों में लाल लकीर के भीतर रह रहे लोगों को उनके घरों के कानूनी मालिकाना हक प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत आज धूरी के गांव दुगनी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के ओएसडी सुखवीर सिंह ने विशेष रूप से शामिल होते हुए 105 लाभार्थी परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र सौंपे।
इस मौके पर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार आम लोगों की समस्याओं को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “कई परिवार पिछले कई दशकों से अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन उनके पास कोई कानूनी दस्तावेज या मालिकाना हक नहीं था। इस कारण उन्हें बैंक ऋण लेने या घर की खरीद-फरोख्त के दौरान भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना ऐसे लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के माध्यम से अब गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को अपने घर का पूर्ण कानूनी अधिकार मिल गया है, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई है।
इस अवसर पर उपस्थित एसडीएम धूरी डॉ. इस्मत विजय सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा पारदर्शी तरीके से सर्वे पूरा कर इन प्रमाण पत्रों को तैयार किया गया है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
उन्होंने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि जो कार्य पिछली सरकारें कई वर्षों में नहीं कर सकीं, वह वर्तमान सरकार ने कर दिखाया है। इस अवसर पर ब्लॉक समिति सदस्य अमरदीप सिंह धांदरा, अजगर खान, जसपिंदर सिंह सहित विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।